
मुंबई/आर्वी (जिला वर्धा):भारतीय जनता पार्टी (BJP) संविधान का उल्लंघन करते हुए ईडी, सीबीआई तथा अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को निशाना बना रही है। लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को अस्थिर किया जा रहा है। लोकतंत्र को कमजोर कर देश में तानाशाही स्थापित करने का यह प्रयास है। भाजपा का वास्तविक एजेंडा “वन नेशन, वन पॉलिटिकल पार्टी” है और वह देश में एकदलीय व्यवस्था स्थापित करना चाहती है। यह आरोप महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल Harshvardhan Sapkal ने लगाया।
महात्मा ज्योतिराव फुले की द्विशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा वर्धा जिले के आर्वी में आयोजित विशाल बहुजन कार्यकर्ता सम्मेलन में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर महात्मा फुले के समता, शिक्षा, सत्यशोधन और सामाजिक न्याय के विचारों का पूरे राज्य में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य सांसद चंद्रकांत हंडोरे, पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष किशोर कान्हेरे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष भानुदास माली, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अनंत मोहोड, वर्धा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कोल्हे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले ने शिक्षा के माध्यम से बहुजन समाज को स्वाभिमान प्रदान किया। सावित्रीबाई फुले के सहयोग से उन्होंने महिला शिक्षा की नींव रखी, किसानों, श्रमिकों और वंचित समाज के न्याय के लिए संघर्ष किया तथा सत्यशोधन का मार्ग दिखाया। छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज और संत गाडगे बाबा के विचारों के साथ महात्मा फुले के कार्यों को जोड़ते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस वर्षभर राज्यभर जनजागरण अभियान चलाएगी। गांव-गांव में व्याख्यान, परिसंवाद, जनसंवाद, विद्यार्थी सम्मेलन तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों का प्रचार किया जाएगा।
कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि आज संविधान, सामाजिक न्याय और बहुजन समाज के अधिकारों पर संकट उत्पन्न हो गया है। महात्मा फुले, सावित्रीबाई फुले, राजर्षि शाहू महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों के आधार पर समाज में परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। सत्ता के संरक्षण में कुछ तथाकथित बाबा अंधविश्वास फैला रहे हैं। राजनीतिक लाभ के लिए सामाजिक विषमता को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी और महंगाई आज सबसे गंभीर मुद्दे हैं। उन्होंने संविधान की रक्षा और जनता के हितों के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य चंद्रकांत हंडोरे ने जातीय और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति की आलोचना करते हुए महात्मा फुले, राजर्षि शाहू महाराज, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के समतावादी विचारों के प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले के महिला शिक्षा, सामाजिक समानता और मानवतावाद के लिए दिए गए योगदान को समाज तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे आना चाहिए।
पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने ओबीसी समाज के मुद्दों पर बोलते हुए कहा कि अनेक लोगों ने ओबीसी समाज के नाम का उपयोग कर अपनी राजनीतिक ऊंचाई बढ़ाई और सत्ता हासिल की, लेकिन ओबीसी समाज को न्याय और विकास से वंचित रखा। ओबीसी समाज का केवल राजनीतिक उपयोग किया गया, जबकि उनकी शिक्षा, रोजगार तथा सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता नहीं बल्कि समाज के साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है। “हम सत्ता के साथ नहीं, समाज के साथ हैं,” यह हमारा स्पष्ट संदेश है।
अन्य वक्ताओं ने भी अपने संबोधन में कहा कि महात्मा फुले के विचारों और उनके आंदोलनों के कारण वंचित एवं पिछड़े समाज को मुख्यधारा में स्थान मिला। कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिराव फुले के विचारों पर आधारित राज्यव्यापी वैचारिक आंदोलन खड़ा करने का संकल्प व्यक्त किया गया। महात्मा फुले, सावित्रीबाई फुले, राजर्षि शाहू महाराज, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज और संत गाडगे बाबा के समता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्षभर सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
——–
विभिन्न घोटालों ने पूरी व्यवस्था को खोखला कर दिया
महाराष्ट्र में फर्जी बीजों के मुद्दे पर मीडिया से बातचीत करते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राज्य में फर्जी बीज, फर्जी डिग्रियां, फर्जी नौकरियां, पेपर लीक और विभिन्न घोटालों ने पूरी व्यवस्था को खोखला कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी बीजों का रैकेट सत्ता के संरक्षण में चल रहा है। उन्होंने मांग की कि कृषि विभाग राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। फर्जी बीजों की जांच के लिए गठित समिति कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी है, इसलिए उसकी भूमिका भी संदेह के घेरे में है। कांग्रेस इन सभी मुद्दों पर पूरे राज्य में आक्रामक आंदोलन कर रही है और एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभा रही है। अब लोकतंत्र, संविधान, किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए जनता को भी बड़े पैमाने पर आगे आना होगा।
भाजपा नेता नितेश राणे द्वारा अभिनेता आमिर खान पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सपकाल ने कहा कि हिंदुत्व के स्वयंभू ठेकेदारों को दूसरों को सलाह देने से पहले राम मंदिर में कथित आर्थिक अनियमितताओं और उससे जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।





























































































































































































