मुंबई:देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले नीट (NEET) पेपर लीक मामले के विरोध में मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्षा ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में आज फोर्ट स्थित राज्य के CET सेल कार्यालय के सामने मुंबई युवा कांग्रेस द्वारा जोरदार आंदोलन किया गया। इस आंदोलन में सैकड़ों युवाओं ने भाग लेते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नीट पेपर लीक मामले पर भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्षा ज़ीनत शबरीन ने कहा, “नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से देशभर के 24 लाख विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के सपनों पर सरकार ने बुलडोजर चला दिया है। इस गंभीर मामले की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “‘NEET’ पेपर लीक मामले की गहन जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) का गठन किया जाना चाहिए। इस पेपर लीक के पीछे पूरी की पूरी साख (nexus) भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा चलाई जा रही है, जो गैरकानूनी तरीके से विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। हम सब मिलकर इस अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे और विद्यार्थियों को न्याय दिलाएंगे।”
ज़ीनत शबरीन ने आगे आरोप लगाया कि, “जिस महासंचालक के कार्यकाल में वर्ष 2024 की ‘NEET’ परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, उसी व्यक्ति को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का ‘प्रधान सलाहकार’ नियुक्त किया गया है। पेपर लीक घोटाले में शामिल लोगों को भाजपा सरकार बड़े पद देकर पुरस्कृत कर रही है।”
इस आंदोलन में मुंबई युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष पंकज चौधरी, महासचिव तेजस चांदूरकर, आसिफ खान, गुरमन सिंह, गणेश शेगार, मितेश सोनकर, संतोष यादव, जिला अध्यक्ष शेखर जगताप, शिव यादव, अब्दुल समद तथा विधानसभा अध्यक्ष इमरान खान, प्रसन्न रांदिवे, आशिष सरोज, अल्तमेश कुरैशी, राहुल पेडणेकर, राज तुरेराव, सचिन, बृजमोहन यादव, सोहेब, मजहर और अबुतालिब सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इन सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।





























































































































































































