
मुंबई/ रावेर, जलगांव : भाजपा महायुति सरकार Mahayuti government भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। ठेकेदारों और कॉन्ट्रैक्टरों के माध्यम से केवल कमीशनखोरी का कारोबार चल रहा है। समृद्धि महामार्ग में 20 हजार करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है और इसी पैसे का इस्तेमाल राजनीतिक दलों को तोड़ने के लिए किया गया। इस भ्रष्ट सरकार को अपने कार्यकाल के सभी बड़े प्रोजेक्ट्स पर श्वेतपत्र जारी करना चाहिए। यह मांग महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल Harshwardhan vasantrao sapkal ने की।
वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता मधुकराव चौधरी की प्रतिमा के अनावरण समारोह के अवसर पर जळगांव में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सपकाल ने आगे कहा कि मुंबई और उसके आसपास पिछले छह दिनों से हुई मूसलाधार बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक स्कूली छात्र की मृत्यु हो गई। एक व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई तथा अन्य घटनाओं में 12 से अधिक लोगों की जान गई। जनजीवन भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। ये सभी भाजपा महायुति सरकार के भ्रष्ट प्रशासन के शिकार हैं। इसलिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। सपकाल ने अपनी इस मांग को दोहराया।
मुख्यमंत्री फडणवीस के एक बयान पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि नासिक में बादल फटने की आशंका जताकर स्वयं देवेंद्र फडणवीस सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की थी, लेकिन वह पूरी तरह अफवाह साबित हुई। नासिक और आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी बादल नहीं फटा। केवल कांग्रेस का आंदोलन न हो, इसलिए यह अफवाह फैलाई गई थी। अब यदि वे मेरा नाम लिए बिना मुझे ही झूठा बता रहे हैं, तो यह “चोर मचाए शोर” वाली कहावत जैसा है। देवेंद्र फडणवीस खुलकर झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा था कि अलग विदर्भ बने बिना विवाह नहीं करेंगे। उन्होंने कहा था कि अजित पवार की पार्टी के साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे। सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट में धनगर आरक्षण देंगे, मराठा समाज को केवल फडणवीस ही आरक्षण दिला सकते हैं, ऐसे बड़े-बड़े दावे उन्होंने किए, लेकिन उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। लाडली बहनों को 2500 रुपये देने का वादा भी उन्होंने किया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। इसलिए झूठ कौन बोल रहा है, यह बताने की आवश्यकता नहीं है, ऐसा भी हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।
शरद पवार की पार्टी के विलय की चर्चाओं पर बोलते हुए सपकाल ने कहा कि इस विषय पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन की सहयोगी पार्टी है। भाजपा के खिलाफ लड़ने वाली सभी ताकतों को एक साथ आना चाहिए, यही कांग्रेस की भूमिका है। देश में कांग्रेस और भाजपा ही दो प्रमुख राजनीतिक दल हैं और भाजपा को प्रभावी जवाब देने की क्षमता केवल कांग्रेस के पास है, ऐसा भी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।
































































































































































































