Nana Patole says Attack on Saif Ali Khan exposes the breakdown in the state's law and order
Nana Patole says Attack on Saif Ali Khan exposes the breakdown in the state's law and order

मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और पद्मश्री पुरस्कार विजेता सैफ अली खान (Saif ali khan) पर हुए जानलेवा हमले से महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था की पोल खुल  गई है। अगर मुंबई के सबसे व्यस्त और पॉश बांद्रा इलाके में ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो मुंबई में कौन सुरक्षित है? मुंबई, पुणे, बीड, परभणी, नागपुर में बढ़ती अपराध की घटनाओं को देखते हुए क्या राज्य में कोई गृह मंत्री है या नहीं ? ऐसे सवाल  जनता के मन में उठ  रहे हैं। राज्य की महायुति सरकार पर यह ज़ोरदार  हमला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले (Nana patole) ने किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार में गैंगस्टर खुले आम हमला कर महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था को सीधे चुनौती दे रहे हैं। पटोले ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि महायुति सरकार के दौरान गैंगस्टर का आतंक लगातार बढ़ रहा है और यह इस सरकार की सबसे बड़ी विफलता है।

राज्य में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित उनके प्रिय पुलिस महानिदेशक पूरी तरह से निष्क्रिय हैं। मुंबई में दो पुलिस कमिश्नर हैं फिर भी न तो राज्य में और न ही मुंबई में कानून-व्यवस्था है। बीड में संगठित अपराध और उसका राजनीतिक संरक्षण, परभणी में पुलिस हिरासत में मौत, बांद्रा में पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या, अभिनेता सलमान खान के घर पर गोलीबारी जैसी गंभीर घटनाएं  पहले हो चुकी हैं। इससे साफ़ है कि फड़णवीस गृह मंत्री की जिम्मदारियों को निभाने  में विफल रहे हैं। राज्य में सत्ताधारी दल के नेता, सेलिब्रेटी  के साथ – साथ  आम जनता कोई भी सुरक्षित नहीं है।

                         

पटोले ने कहा कि मुख्यमंत्री को सिर्फ, अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी सजा दी जाएगी, जैसी खोखली बयानबाजी करने की जगह कुछ कठोर कार्रवाई करने का साहस दिखाना चाहिए। ऐसा लगता है कि राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर  फड़णवीस गंभीर नहीं हैं। अभिनेता सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले के बाद मुख्यमंत्री इस पर गंभीरता से ध्यान देने के बजाय फिल्मों के प्रचार में व्यस्त हैं। यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है कि राज्य को इतना निष्क्रिय और कमजोर गृह मंत्री मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here