नई दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का आज 66वां दिन है। लेकिन, पिछले 4 दिन में 2 बार हुई हिंसा के बाद आंदोलन अब नया मोड़ ले रहा है। सिंघु बॉर्डर के साथ ही अब गाजीपुर भी बड़ा पॉइंट बनता नजर आ रहा है, क्योंकि UP के हजारों किसान आज गाजीपुर की तरफ कूच करेंगे। यह फैसला मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को हुई महापंचायत में लिया गया, ताकि आंदोलन को मजबूत किया जा सके।
उधर, किसान नेता आज एक दिन का उपवास रखकर सद्भावना दिवस मनाएंगे। इसके जरिए वे 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा का प्रायश्चित करना चाहते हैं।
अभय चौटाला आज राकेश टिकैत से मिलेंगे
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत को अब राजनीतिक दल खुलकर समर्थन देने लगे हैं। इंडियन नेशनल लोकदल के महासचिव अभय चौटाला आज टिकैत से मिलेंगे। इससे पहले शुक्रवार को राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के नेता जयंत चौधरी और दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया गाजीपुर पहुंचे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी राकेश टिकैत से कहा कि उनकी पार्टी किसानों के साथ है।
सिंघु बॉर्डर पर हिंसा के मामले में 44 लोग गिरफ्तार
किसान आंदोलन के सबसे बड़े पॉइंट सिंघु बॉर्डर पर शुक्रवार को स्थानीय लोगों और किसानों के बीच हिंसा हो गई। इसमें 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक उपद्रवी ने SHO पर तलवार से हमला कर दिया था। इस मामले में अब तक 44 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं सिंघु और टीकरी बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मुजफ्फरनगर – जीआईसी ग्राउंड किसान महापंचायत @OfficialBKU pic.twitter.com/gVrQ2TN0fF
— Rakesh Tikait (@RakeshTikaitBKU) January 29, 2021
हरियाणा के 17 जिलों में इंटरनेट बंद
सिंघु बॉर्डर पर हिंसा के बाद माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए हरियाणा सरकार ने शुक्रवार शाम 17 जिलों में इंटरनेट सर्विसेज पर रोक लगा दी। इनमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और सिरसा शामिल हैं। इन जिलों में वॉयस कॉल को छोड़कर इंटरनेट सेवाएं शनिवार शाम 5 बजे तक बंद रहेंगी। सोनीपत, पलवल और झज्जर में इंटरनेट सर्विस पहले से ही बंद हैं।